विशाल गोस्वामी
हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक दिल को छू लेने वाला वीडियो शेयर किया है, जो पति-पत्नी के रिश्ते की गहराई और साथ निभाने की मिसाल पेश करता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बीच सड़क पर कार अचानक बंद हो जाती है। पति स्टीयरिंग पर बैठे हैं, तो पत्नी बिना किसी हिचकिचाहट के उतरकर कार को पीछे से धक्का देने लगती है। हालात कितने भी मुश्किल हों, जीवनसाथी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ता—यह संदेश वीडियो के माध्यम से साफ झलकता है।
वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच पति-पत्नी के रिश्तों पर चर्चा छेड़ दी है। हरिद्वार पुलिस ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है— “साथ देगी, हालात कैसे भी हो ”। साथ ही पुलिस ने अपील की है कि रिश्तों को छोटी-मोटी बातों पर न तोड़ें। मुश्किल वक्त में वही जीवनसाथी कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होता है। छोटी-मोटी गलतियाँ हर घर में होती हैं, उन्हें नजरअंदाज कर समझदारी से जीवन जीना ही असली रिश्ते की पहचान है।
पुलिस की ओर से आगे कहा गया— “पति-पत्नी का रिश्ता एक पवित्र बंधन है । इसे छोटी-छोटी बातों पर तोड़ना समझदारी नहीं है । रिश्तों को सम्मान दें, धैर्य रखें और समझदारी से जीवन जिएं ”।
यह वीडियो कई लोगों के लिए प्रेरणा बन रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इसे शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि आज के व्यस्त जीवन में ऐसे छोटे-छोटे पलों में ही सच्चा प्यार और साथ निभाने की भावना दिखती है। कई ने टिप्पणी की कि “ऐसी पत्नी को सलाम” और “रिश्ते ऐसे ही मजबूत होते हैं”।
हरिद्वार पुलिस का यह प्रयास रिश्तों में सद्भाव बढ़ाने और परिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय है। वीडियो देखने के बाद कई दंपत्तियों ने खुद को इस स्थिति में रखकर सोचा कि वे भी ऐसे ही साथ निभाएंगे या नहीं।
Leave a comment