किसान अधिकार यात्रा में उमड़ा जनसमर्थन, किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने उठाई आवाज
मेरठ। कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा सोमवार को मेरठ जनपद के फफूंडा गांव से शुरू होकर लोहिया नगर तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों एवं समर्थकों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान किसानों के अधिकार, सम्मान और उनकी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा का मेरठ चरण 5 अक्टूबर को आयोजित किया गया। यात्रा में कांग्रेस नेता हेमंत प्रधान, जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी मेरठ के अध्यक्ष इंतज़ार अली, शहजाद यूसुफ, हाजी इमामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल रहे। कांग्रेस नेता हेमंत प्रधान ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के हक और सम्मान की आवाज है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, इसलिए किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की इस लड़ाई में वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनके साथ खड़े हैं। जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी मेरठ के अध्यक्ष इंतज़ार अली ने कहा कि किसान समाज के हर वर्ग के लिए अन्न उपलब्ध कराने का काम करता है। किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करना ग्रामीण समाज की आवाज को कमजोर करना है। कांग्रेस किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर शासन तक उनकी आवाज उठाती रहेगी। शहजाद यूसुफ ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा के दौरान गांवों और शहर के अलग-अलग हिस्सों में किसानों से संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं को करीब से समझा गया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई से होना चाहिए। यात्रा के लोहिया नगर पहुंचने पर धरना स्थल पर किसानों की पीड़ा और समस्याओं को सुना गया। इस दौरान विशेष रूप से लोहिया नगर योजना, वेदव्यास पुरी योजना, गंगानगर योजना तथा मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) से जुड़े किसानों एवं प्रभावित लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि विकास योजनाओं के नाम पर प्रभावित किसानों की समस्याओं और उनकी शिकायतों का समाधान होना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों के अधिकार और सम्मान के समर्थन में नारे लगाए तथा किसान हितों की लड़ाई को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर हेमंत प्रधान, जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष इंतज़ार अली, रोहित जाखड़, शहजाद यूसुफ,रीना शर्मा,हाजी बादल वाल्मीकि, इमामुद्दीन अंसारी,बबीता गुर्जर शाहबाज़, गुलफाम, सुहैल, वसीम, अजय शर्मा, सागर, अहमद, विशाल, अमित नगर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Leave a comment