मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल में आज विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन शासन के दिशा निर्देशों के क्रम में किया गया। इसमें केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और ‘विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी को प्रेरित किया गया। मेडिकल प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ पूजा शर्मा एसीएमओ रहीं।
योजना की दी जानकारी
मेडिकल कॉलेज के उप-प्राचार्य डॉ ज्ञानेश्वर टाँक ने बताया कि वर्तमान में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिये 140 करोड़ भारतीयों को साझा संकल्प लेना होगा। साथ ही साथ उन्होंने बताया कि कैसे वर्ष 2014 से 2026 तक स्वास्थ्य सेवाओं जैसे चिकित्सकों की संख्या,नर्सिंग संवर्ग,पैरामेडिकल स्टाफ आदि की बढ़ोतरी के बारे में विस्तारपूर्वक बताया, उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2047 भारत वर्ष की जनसंख्या को देखते हुए लगभग कितने चिकित्सकों ,नर्सिंग संवर्ग,पैरामेडिकल स्टाफ आदि की ज़रूरत रहेगी।
कार्यक्रम में डॉ पूजा शर्मा ने बाल,किशोर,व्यस्क व वृद्ध अवस्था के सभी मरीज़ों को सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं तथा योजनाओं एवं गर्भवती महिलाओं को उनके स्वास्थ्य संबंधी चल रही सभी सुविधाओं तथा योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। प्राचार्य ने मेडिकल कॉलेज के पाठ्यक्रमों,विद्यार्थियों व मरीज़ो को दी जा रही सुविधाओं,कॉलेज कैंपस आदि में हुई प्रगति को साझा किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों जैसे एनाटॉमी,एसपीएम, एनेस्थीसिया, स्किल लैब, ब्लड बैंक, आई बैंक, नर्सिंग कॉलेज, प्रधानमंत्री दिव्यशा केंद्र आदि के विभिन्न स्टाल लगा कर विकास प्रदर्शनी आयोजित की गई। विकास प्रदर्शनी का संयोजन डॉ ललिता चौधरी आचार्या एवं विभागाध्यक्ष फिजियोलॉजी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सालय के मुख्य अधीक्षक डॉ धीरज बालियान ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रेषित किया। संचालन कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की सह-आचार्या डॉ नीलम गौतम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज मेरठ के संकाय सदस्य, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारीगण, विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थीगण आदि उपस्थित रहे।
Leave a comment