विक्रम श्रीवास्तव
देहरादून मसूरी रोड पर सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N के बीच गाड़ी पास न देने को लेकर हुई बहस में स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए टायरों पर फायरिंग कर दी। दुर्भाग्यवश, एक गोली सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर वीके जोशी को लग गई। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
घटना राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास सुबह करीब 6:50 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, मालसी इलाके में दोनों कारों के बीच कहासुनी शुरू हुई। स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और टायर पंचर करने के इरादे से गोलियां चलाईं। फायरिंग में फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवारों पर हमला कर मारपीट की और कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। फॉर्च्यूनर में सवार दो व्यक्तियों को चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सभी आरोपी स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए।
एसएसपी देहरादून और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा घायलों से जानकारी ली। पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी है।
राजपुर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह सड़क रोध (रोड रेज) की एक और दर्दनाक घटना है, जिसमें एक निर्दोष पूर्व सैन्य अधिकारी की जान चली गई।
Leave a comment