Home उत्तराखंड मुख्यमंत्री धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड, बोले—प्रेरणा का सशक्त मंच
उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड, बोले—प्रेरणा का सशक्त मंच

Share
Share

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के इन्द्रानगर स्थित होटल रॉयल इन पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 132वां एपिसोड सुना। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ एक अनूठा जनसंवाद मंच है, जो समाज के विभिन्न वर्गों, खासकर दूरस्थ क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने इस कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे व्यक्तित्वों की कहानियां साझा करते हैं, जो सीमित संसाधनों में भी असाधारण कार्य कर देश को प्रेरित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने लगभग हर संबोधन में उत्तराखंड का विशेष उल्लेख करते हैं। ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से स्थान मिला है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं भी राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं, जिनमें आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले का हर्षिल-मुखवा क्षेत्र शामिल हैं। इन दौरों का सकारात्मक असर राज्य के पर्यटन पर साफ देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक राज्य में आ चुके हैं, जबकि आदि कैलाश क्षेत्र में 36,700 से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके तहत आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार और डिजिटल सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर दूरस्थ क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां तेज हो रही हैं।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twelve − 7 =