मेरठ/सिविल लाइन के शिवाजी रोड स्थित संतोष वाटिका में स्वास्थ्य विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला फिट इंडिया मूवमेंट (स्वस्थ भारत अभियान) से प्रेरित थी, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे अपने शरीर के वजन को आदर्श स्तर पर लाने के लिए नियमित प्रात:कालीन व्यायाम कर रहे हैं तथा अपने दैनिक आहार पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
सोसायटी के अध्यक्ष विपुल सिंघल ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी लंबाई के अनुसार संतुलित वजन बनाए रखना चाहिए। उन्होंने समझाया कि पुरुषों के लिए आदर्श वजन का सूत्र लंबाई (सेंटीमीटर) में से 100 घटाने पर जो संख्या प्राप्त होती है, वही आदर्श वजन (किलोग्राम) होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति की लंबाई 180 सेंटीमीटर है, तो उसका आदर्श वजन 80 किलोग्राम होना चाहिए। इसी प्रकार महिलाओं के लिए उन्होंने बताया कि लंबाई (सेंटीमीटर) में से 105 घटाने पर प्राप्त संख्या आदर्श वजन मानी जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि व्यक्ति अपने आदर्श वजन पर बना रहता है, तो वह अधिकांश स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकता है। कार्यशाला में संतुलित आहार के महत्व पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को सलाह दी गई कि वे अपने भोजन में ताजे फल, हरी सब्जियाँ, पर्याप्त प्रोटीन एवं आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में शुद्ध जल का सेवन तथा सही समय पर पानी पीना भी स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया गया। इस अवसर पर यह जानकारी दी गई कि सोसायटी के सदस्यों ने पिछले 4 से 5 महीनों में 5 किलोग्राम से लेकर 22 किलोग्राम तक वजन कम कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिमाह आयोजित किए जाने वाले वजन घटाने की चुनौती में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस माह सबसे ज्यादा वजन घटाने वाली कामिनी सलवान 8किलो वजन घटा कर प्रथम रही, दूसरे स्थान पर सारिका मित्तल ने 7.9किलो कम किया तथा तीसरे स्थान पर ज्योति ने 6 किलो कम किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सोसायटी के महामंत्री अंशुल, रतन गर्ग, अंबरीश कर्णवाल, मुकुल, सोनल, सारिका, रेखा चौधरी, रीमू गर्ग, गरिमा, निशांत वत्स, सीमा गर्ग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Leave a comment