Home पौड़ी पौड़ी में नया शैक्षणिक सत्र शुरू: पहले दिन ही मिली नई किताबें, बच्चों में खूब उत्साह
पौड़ी

पौड़ी में नया शैक्षणिक सत्र शुरू: पहले दिन ही मिली नई किताबें, बच्चों में खूब उत्साह

Share
Share

– जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने किया नन्हें बच्चों से आत्मीय संवाद, खेल क्षेत्र में झूला-फिसलपट्टी लगाने के दिए निर्देश

पौड़ी

जनपद पौड़ी गढ़वाल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह और उमंग से हुई। प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट स्तर तक सभी राजकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव मनाया गया और छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। इस बार प्रशासन की विशेष पहल के तहत सत्र के पहले दिन ही बच्चों को नई किताबें उपलब्ध करा दी गईं, जिससे पढ़ाई बिना किसी देरी के शुरू हो सके।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या-5, पौड़ी में किया। उन्होंने खुद नन्हें विद्यार्थियों को पुस्तकें सौंपी और उनके भविष्य को लेकर उत्साहवर्धन किया। इस दौरान स्कूल परिसर में उल्लासपूर्ण माहौल रहा और बच्चे पूरे जोश के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में अहम कदम है। इससे बच्चों को शुरुआत से ही पढ़ाई में निरंतरता मिलती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में पुस्तक वितरण का काम शीघ्र और सुचारू रूप से पूरा किया जाए।
स्वाति भदौरिया ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूल के प्लेइंग एरिया में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए झूले, फिसलपट्टी आदि लगाने हेतु तुरंत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक) अंशुल बिष्ट ने बताया कि पूरे जनपद के सभी विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के साथ पुस्तक वितरण सुनिश्चित किया गया है। समय पर किताबें मिलने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आरती बहुगुणा, वार्ड सदस्य दिनेश रावत, अरविंद रावत सहित विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty − four =