गढ़ ब्रजघाट में आस्था का महासैलाब: होटल-धर्मशाला फुल, ठेकेदारों के तंबू भी पड़े कम; खुले आसमान के नीचे ‘भक्ति का बसेरा’
नई दिल्ली/गढ़मुक्तेश्वर / ब्रजघाट। जनपद हापुड़ की पौराणिक तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में चल रहे ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले में जनसैलाब इस कदर उमड़ा है कि व्यवस्था के तमाम इंतजाम छोटे पड़ गए हैं। 24 नवंबर को होने वाले मुख्य स्नान पर्व से पहले ही समूचा ब्रजघाट और खादर क्षेत्र श्रद्धालुओं से पूरी तरह पट चुका है। आलम यह है कि ब्रजघाट और उसके आसपास के सभी छोटे-बड़े होटल, लॉज, आश्रम और धर्मशालाएं पूरी तरह फुल (हाउसफुल) हो चुकी हैं। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को अब कमरा मिलना तो दूर, पैर रखने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।
तिल रखने की जगह नहीं
प्रशासन और निजी ठेकेदारों द्वारा महाकुंभ की तर्ज पर गंगा किनारे रेतीले मैदान में जिस विशाल अस्थाई ‘तंबू नगरी’ का निर्माण किया गया था, वह भी इस भारी भीड़ के सामने नाकाफी साबित हुई है। खादर की रेती पर अब नए तंबू लगाने के लिए एक इंच जमीन शेष नहीं बची है। टेंट व्यवसायियों और ठेकेदारों का कहना है कि मांग इतनी अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है कि उनके गोदामों में रखे सारे तंबू, कनात और बांस-बल्लियां पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। इसके बावजूद हजारों नए परिवार अपने रहने की व्यवस्था के लिए भटक रहे हैं।
खुले आसमान के नीचे रजाई-गद्दे
तंबू और होटल न मिलने के कारण वेस्ट यूपी, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु मां गंगा की खुली रेती पर, आसमान की छत के नीचे रहने को मजबूर हैं। रात के समय खादर इलाके में बढ़ती कड़ाके की ठंड और ओस के बीच लोग जमीन पर पराली और रजाई-गद्दे बिछाकर गुजारा कर रहे हैं। जब खुले में सो रहे श्रद्धालुओं से इस असुविधा को लेकर बात की गई, तो उनके चेहरों पर शिकन के बजाय एक अलौकिक मुस्कान और संतोष दिखाई दिया। मेरठ और बुलंदशहर से आए श्रद्धालुओं का कहना है, “यह मां गंगा का दर है, यहां हम सुख-सुविधाएं और आराम भोगने नहीं, बल्कि अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट करने आए हैं। महाभारत काल से हमारे पूर्वज इसी तरह खुले आसमान के नीचे कल्पवास करते आए हैं। जब बात अध्यात्म और भक्ति की होती है, तो फिर शारीरिक आराम और कष्ट नहीं देखा जाता। मां गंगा की गोद में खुले आसमान के नीचे सोने का अपना एक अलग ही आनंद है।”
तैयारियां और सुरक्षा के बीच महाकुंभ सा अहसास
हापुड़ जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह लगातार मेला परिसर और मुख्य स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि खुले में रह रहे लोगों को पेयजल और चिकित्सा संबंधी कोई असुविधा न हो। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी आमद ने इस मेले को वास्तव में ‘मिनी कुंभ’ से ‘महाकुंभ’ के स्वरूप में बदल दिया है। चारों तरफ जलते अलाव, भजनों की गूंज और खुले आसमान के नीचे सोती लाखों की आबादी इस बात का जीवंत प्रमाण है कि सनातन संस्कृति में आस्था के आगे हर भौतिक सुख और साधन बेहद छोटे हैं।
Leave a comment