Home Delhi गढ़ गंगा तट पर ‘मिनी कुंभ’ सरीखा नजरा
Delhi

गढ़ गंगा तट पर ‘मिनी कुंभ’ सरीखा नजरा

गढ़ गंगा तट पर 'मिनी कुंभ' सरीखा नजरा

Share
गढ़ गंगा तट पर 'मिनी कुंभ' सरीखा नजरा
Share

हाईटैक प्रशासनिक इंतजामों के साथ श्रद्धा भक्ति व प्राचीन परंपरा का दिखाई देता है अनूठा संगम

हापुड़ / ब्रजघाट (गढ़मुक्तेश्वर)। हापुड़ जनपद के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट और गंगा खादर के विशाल रेतीले मैदानों में इन दिनों आस्था, लोक संस्कृति और भव्यता का एक ऐसा अलौकिक विहंगम दृश्य देखने को मिल रहा है, जिसकी तुलना सीधे ‘मिनी कुंभ’ से की जा रही है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व (मुख्य स्नान 24 नवंबर) के मद्देनजर ब्रजघाट पर भक्ति, योग, ध्यान और देहाती गीतों की अद्भुत मस्ती का अनूठा संगम नजर आ रहा है। चारों ओर गूंजते ‘हर-हर गंगे’ के जयकारे समूचे वातावरण को पूरी तरह से भक्तिमय बना रहे हैं। इस बार गढ़ गंगा मेले को महाकुंभ की तर्ज पर भव्य और डिजिटल रूप देने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर काम किया है।

पशुओं संग रेती में डेरा

इस ऐतिहासिक मेले की सबसे खास और पारंपरिक विशेषता यह है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के सुदूर इलाकों से आए लाखों श्रद्धालु यहां किसी टेंट या होटल में नहीं, बल्कि मां गंगा की रेती पर अपना अस्थाई आशियाना बनाकर रह रहे हैं। वर्तमान में करीब 7 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा किनारे रेती पर तंबू और डेरा गाड़ चुके हैं और मुख्य स्नान तक यह संख्या 30 लाख को पार करने का अनुमान है। तमाम ऐसे परिवार हैं जो पिछले एक सप्ताह से अपने पूरे घर-परिवार, बच्चों, बुजुर्गों और यहां तक कि अपने दुधारू व पालतू पशुओं (गाय, भैंस, घोड़े) के साथ इस रेतीले मैदान में डटे हुए हैं। चूल्हे पर सुलगती आग, बाजरे की पारंपरिक रोटियां और रेतीली जमीन पर बिछे तंबुओं के बीच इन परिवारों का यह अनूठा प्रवास आधुनिकता के दौर में भी सदियों पुरानी लोक संस्कृति और श्रद्धा को जीवंत रखे हुए है।

बसा है तंबुओं का नगर

मेले में पहली बार श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘टेंट सिटी’ का निर्माण किया गया है, जिसमें महाराजा, डीलक्स और पगोड़ा श्रेणी के टेंट तैयार किए गए हैं। इनमें ठहरने वाले श्रद्धालुओं के लिए तीन समय के भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि मेले का औपचारिक आगाज जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, विधायक हरेंद्र तेवतिया और जिलाधिकारी कविता मीना द्वारा विधि-विधान से भूमि पूजन और भव्य गंगा आरती के साथ हुआ था। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। एक दिन पहले डीएम कविता मीणा और एसपी मधुबन कुमार सिंह ने मेला क्षेत्र में बने मुख्य अस्थाई अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें। सुरक्षा व्यवस्था के लिए ऊंचे वॉच टावर और नदी में गहरे बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। इस बार सुरक्षा के मद्देनजर मेले में होने वाली पारंपरिक ‘भैंसा दौड़’ पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। हालांकि इस बार मेले में पहली बार भव्य ‘हॉर्स-शो’ (Horse Show) का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्वदेशी नस्ल के बेहतरीन घोड़े आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अतिरिक्त भजन-कीर्तन, मल्लखंभ प्रदर्शन, कथक नृत्य, नौटंकी और कवि सम्मेलनों के जरिए लोक कलाओं की छटा बिखेरी जा रही है।

महाभारत काल से जुड़ा है इतिहास

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर के इस खादर क्षेत्र का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है। माना जाता है कि महाभारत के युद्ध के पश्चात पांडवों ने अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए यहीं पर ‘पिंडदान’ और तर्पण यज्ञ किया था। यही कारण है कि इस पावन तट पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान और पूर्वजों के निमित्त दीपदान करने का फल अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्यकारी माना जाता है। वर्तमान में ब्रजघाट का यह नजारा वाकई अध्यात्म, संस्कृति और जन-आस्था का एक अप्रतिम उदाहरण पेश कर रहा है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

12 − 1 =

Related Articles

गढ़ की तंबू नगरी में तिल रखने की भी जगह नहीं!

गढ़ की तंबू नगरी में तिल रखने की भी जगह नहीं!

गढ़ में आस्था और आनंद का सतरंगी संगम

गढ़ में आस्था और आनंद का सतरंगी संगम

मी टू (#MeToo) से कई शरीफों के चेहरे बेनकाब

मी टू (#MeToo) से कई शरीफों के चेहरे बेनकाब

बड़े सैन्य हमले से पीछे हटे अमेरिका और इजरायल

बड़े सैन्य हमले से पीछे हटे अमेरिका और इजरायल