निगम का वार्ड 33 घोसीपुर तोफनपुरी समस्याओं से बेजार
निगम का वार्ड 33 घोसीपुर तोफनपुरी समस्याओं से बेजार
13
Share
Share
यूं कहने को यह इलाका महानगरीय क्षेत्र में है, लेकिन विकास की बयार इस इलाके को छू कर नहीं बहती
मेरठ। नगर निगम का वार्ड 33 घोसीपुर तोफनपुरी का इलाका जन समस्याओं से बेजार है। इस इलाके के वाशिंदों का कहना है कि एक समस्या हो तो बताएं भी। यूं कहने को यह इलाका महानगरीय क्षेत्र में है, लेकिन विकास की बयार इस इलाके को छू कर नहीं बहती। महानगर के कुछ खास या वीवीआईपी इलाकों तक ही नगर निगम की बयार महसूस की जा सकती है, लेकिन नगर निगम क्षेत्र में होने के बाद भी निगम के अफसरों का रवैया वार्ड 33 घोसीपुर तोफनपुरी के साथ सौतेला है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने इस इलाका का वहां के लोगों के आग्रह पर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस वार्ड को देखकर ऐसा नहीं लगता है कि इसको नगर निगम क्षेत्र में शुमार किया जाता है।
ये हैं समस्याएं
घोसीपुर वार्ड संख्या – 33 तोफनपुरी बिजलीघर वाली सड़क के दोनों ओर की नाली क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे नाली का गंदा पानी सड़क पर होकर घरों में घुस रहा है, जिससे गम्भीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है तथा सड़क जलभराव के कारण खत्म हो गई है। लोगों ने बताया कि सबसे ज्यादा मुसीबत इस इलाके के उन बच्चों को उठानी पड़ती है जो स्कूल आते जाते हैं। ये बच्चे गंदगी और गंदे पानी के बीच से स्कूल जाने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि कम से कम निगम अफसर बच्चों की इस मुसीबत का ही ख्याल कर लें कि वो कितनी आफतों से होकर स्कूल जा रहे हैं। जल भराव की वजह से डेमेज हुई यहां की सड़क अब इस काबिल नहीं रह गयी है कि यहां से होकर पैदल भी गुजरा जा सके। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट सुचारू न होने के कारण रात के समय दो पहिया चालक चोटिल हो रहे हैं। महिलाओं व बच्चों का निकलना मुशकिल हो गया है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व व मनचले सक्रिय हो जाते हैं, जिससे महिलाओं और राहगीरों के साथ छेड़खानी या लूटपाट की आशंका बढ़ जाती है। बच्चों, बुजुर्गों और काम से लौटने वाले लोगों का रात में बाहर निकलना असुरक्षित और कठिन हो जाता है। स्ट्रीट लाइट के लिए खंभे लगे हुए है। लेकिन एक भी खंभे पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलती है। खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब है। मुख्य मार्ग ही नहीं बल्कि आस पास के गांवों में भी स्ट्रीट लाइट खराब होने से लोगों का रात में घर से निकला कठिन हो गया है।
नगरायुक्त को लिखा पत्र
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने यहां की समस्याओं को लेकर नगरायुक्त, जिलाधिकारी, नगर विकास मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है। नगरायुक्त को प्रेषित पत्र में उन्होंने कहा है कि घोसीपुर वार्ड संख्या – 33 तोफनपुरी बिजलीघर वाली सड़क बनाई जाए । बिजलीघर से लेकर पूरी सड़क का निर्माण कराया जाए ।दोनों तरफ की नाली पुरानी स्ट्रीट लाइट चालू की जाएं व जिन खम्भो पर स्ट्रीट लाइट नहीं है उन्हें लगाई जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की हाेगी।
Leave a comment