बीते सालों के मुकाबले इस साल कांवड़ यात्रा मार्ग पर अधिक हो रहे हैं हादसे, कुछ में हादसों की वजह खुद कांवड़ियों की गाड़ियां
मेरठ। मेरठ और उसके आसपास कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हादसों में अब तक 13 की मौत हो चुकी है। हालांकि प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारी कांवड़ियों की मौत को लेकर कोई अधिकृत सूची करने की बात से कतरा रहे हैं। लेकिन यदि हादसों की बात की जाए तो कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और हाईवे पर कई बड़े हादसे दर्ज किए गए हैं। एनएच-58 पर दौराला वलीपुर इलाके में शनिवार (8 अगस्त) को अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार कांवड़ियों की जान गई। मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे पर भोजपुर व मेरठ के बीच कांवड़िए हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे बाइक सवार कांवड़ियों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। तीन कांवड़ियों की मौत हो गयी। इसके अलावा जानी थाना क्षेत्र के एमआईईटी के समीप दिल्ली के शाहदरा निवासी दो युवक (गोपाल और अनिल) हरिद्वार जाते समय तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। दोनों की सुभारती में उपचार के दौरान मौत हो गयी। रविवार यानि आज मेरठ बागपत, बिजनौर हाइवे पर अलग-अलग हादसों में पांच कांवड़ियों की मौत की खबर मिल रही है। वहीं दूसरी ओर यह भी सुनने में आ रहा है कि इन भीषण हादसों में अब तक लगभग 15 से 17 कांवड़ यात्री गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज मेरठ के विभिन्न अस्पतालों और दौराला सीएचसी (CHC) में चल रहा है। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अज्ञात वाहनों की तलाश की जा रही है।
कांवड़ियों संग हादसे दर हादसे
बीते छह अगस्त को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर क्षेत्र के पास हरिद्वार से जल लेकर अपने घर लौट रहे तीन कांवड़ियों की बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। तीनों कांवड़िये हवा में उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल कावड़िये को अस्पताल मे भर्ती किया गया है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान अलीगढ़ निवासी राजकुमार और ज्ञान प्रकाश के रूप में हुई है। बदायूं निवासी प्रदीप गंभीर रूप से घायल बताया गया है। चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के दौरान एक कांवड़िये का सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे कांवड़िये को भी सिर और शरीर के अन्य अंगों पर गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस व हेल्पलाइन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल भेजा गया, जबकि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बीती आठ अगस्त को दिल्ली-रुड़की हाईवे पर डाक कांवड़ ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार से शनिवार तक 24 घंटे में हाईवे पर अलग अलग हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 17 कांवड़ियो चोटिल हुए। एक कांवड़िये की पहचान नहीं हो सकी हैं, उसका शव मर्चरी में रखवा दिया, जबकि घायल कांवड़ियों को उपचार दिलाने के बाद भेज दिया गया। हादसे रोकने के लिए दोपहिया वाहनाें की गति धीमी कराने का प्रयास किया जा रहा है। यहां यह भी बता दे कि पिछले हादसों की यदि बात करें तो दौराला क्षेत्र के वलीदपुर गांव के पास शिवा ढाबे के सामने शुक्रवार देर रात कांवड़ लेने जा रहे बाइक सवार कांवड़िये हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 21 वर्षीय साहिल की बाइक को पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में साहिल को सीएचसी दौराला लाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल की मदद से उसके चचेरे भाई संदीप को सूचना दी और शव मोर्चरी भिजवा दिया। इसी स्थान शनिवार सुबह दिल्ली के मुर्गा मार्केट निवासी 22 वर्षीय राज की मौत हो गई। राज भी बाइक पर सवार होकर जल लेने के लिए हरिद्वार जा रहा था। इसके अलावा तीसरे हादसे में कांवड़िये की बाइक फिसल गई, उसे उपचार के लिए सीएचसी दौराला ले जाया गया, वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं होने पर शव मर्चरी में रखवा दिया। साथ ही बाइक को भी थाने में खड़ा करा दिया है।
हादसों में लहूलुहान
दौराला स्थित पंडित ढाबे के सामने गाजियाबाद के विजयनगर निवासी कांवड़िया विजय, कनौडा के पास बिहार के गया निवासी संजय भी वाहन की टक्कर से घायल हो गए। सिवाया टोल प्लाजा के पास भगवती कालेज के सामने दिल्ली के शालीमार बाग निवासी पैदल कांवड़िए अमित और अजय को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।वहीं, दौराला स्थित जिओ पेट्रोल पंप के सामने दिल्ली के उत्तमनगर निवासी कांवड़िया मनोज को भी वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। सभी घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया।मटौर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हापुड़ के गिरधरपुर निवासी कांवड़िया आशीष बाना घायल हो गए। दादरी गांव के पास सड़क पार कर रहे दिल्ली के सैनिक विहार निवासी परमजीत को अज्ञात कार ने साइड मार दी। अन्य हादसों की यदि बात करें तो वहीं दौराला पुल पर कांवडियां को बचाने को लेकर एक बाइक पर सवार तीन कांवड़ियां राहुल, सोनू, पिंटू निवासी गाजियाबाद घायल हो गए। जिन्हे सीएचसी में उपचार दिलाया। दौराला थाने के सामने गलत दिशा से आ रहे दो कांवड़ियां मनोज जाटव व पुनीत जाटव की सामने से आ रही बाइक से भिड़त हो गई, जिससे वह घायल हो गए।
Leave a comment