मेरठ/ उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने तथा राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने जनपद मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, अमरोहा एवं बिजनौर के अंतर्गत विद्युत वितरण मंडल चाँदपुर का मैराथन निरीक्षण एवं व्यापक समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति, राजस्व वसूली, स्मार्ट मीटरिंग, पीएम सूर्य घर योजना तथा उपभोक्ता सेवाओं से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। समीक्षा बैठक में प्रबंध निदेशक ने अधीक्षण अभियंताओं, अधिशासी अभियंताओं एवं अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि मासिक एवं प्रगामी राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में प्राप्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बिजनौर एवं अमरोहा में अपेक्षाकृत कम राजस्व वसूली पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही
उन्होंने कहा कि जिन खंडों, उपखंडों अथवा उपकेंद्रों में निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं हो रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही लाइन लॉस, कलेक्शन एफिशिएंसी एवं थ्रो रेट में उल्लेखनीय सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान स्मार्ट मीटरिंग से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान, शत-प्रतिशत बिलिंग, बिल संशोधन, खराब मीटरों के शीघ्र प्रतिस्थापन तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित बिल उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने तथा स्वीकृत आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रबंध निदेशक ने बिजनेस प्लान के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने विद्युत तंत्र को सुदृढ़ बनाए रखने तथा संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा बैठक के उपरांत प्रबंध निदेशक ने 33/11 केवी फजलपुर उपकेंद्र का निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन वितरण क्षेत्र कार्यालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने कहा कि 1912 सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी फॉल्ट की स्थिति में तत्काल सूचना व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा की जाए तथा किए गए कार्यों की फोटोग्राफ नियमित रूप से अपलोड की जाएं, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सभी कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के शत-प्रतिशत अनुपालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उपभोक्ता सेवाओं में सतत सुधार, राजस्व वृद्धि तथा विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
Leave a comment