Home काशीपुर चैती मेले के बाद काशीपुर में पहली बार भव्य स्वच्छता महाअभियान, जनसैलाब उमड़ा
काशीपुर

चैती मेले के बाद काशीपुर में पहली बार भव्य स्वच्छता महाअभियान, जनसैलाब उमड़ा

Share
Share

 सोनू

काशीपुर
चैती मेला समाप्ति के उपरांत नगर निगम काशीपुर द्वारा बुधवार सुबह मेला परिसर में वृहद स्तर पर स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महापौर दीपक बाली स्वयं सुबह मेला स्थल पहुंचे और अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, उद्योगों से जुड़े लोगों, पर्यावरण मित्रों तथा सैकड़ों नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
नगर निगम द्वारा “जहां उत्सव, वहां स्वच्छता” के संदेश के साथ यह विशेष अभियान सुबह 7 बजे प्रारंभ किया गया। महापौर की अपील का व्यापक असर देखने को मिला और शहरभर से लोग परिवार व मित्रों के साथ अभियान में शामिल होने पहुंचे। पूरे मेला परिसर में सफाई का व्यापक कार्य किया गया, जिसमें कचरा संग्रहण, प्लास्टिक एवं कांच हटाने तथा स्थल को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि चैती मेला जैसे बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के बाद स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मेला समाप्ति के बाद परिसर की साफ-सफाई आवश्यक है ताकि यहां स्थित धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनी रहे और आने-जाने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण का अनुभव हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही ऐसे अभियानों को सफलता मिलती है और काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श शहर बनाने का सपना साकार हो सकता है।
महापौर ने सभी सामाजिक संगठनों, पार्षदों, युवाओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“आइए, हम सब मिलकर अपने काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाएं।”
इस महाअभियान में नगर निगम परिवार पूरी सक्रियता के साथ जुटा रहा। अभियान में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, विकास शर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा कुमाऊं-गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा मंडल, सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय कुमार बॉबी, प्रिंस बाली, संदीप मोनू, अशोक सैनी, सतीश शर्मा, अनिल कुमार, दीपा पाठक, सीमा सागर, अब्दुल कादिर, गौड़ सभा अध्यक्ष अनिल शर्मा, ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोड़ा, अभिषेक गोयल, कपिल अग्रवाल, व्यापारी नेता राकेश नरूला, मोहित भारद्वाज, विवेक बिश्नोई, जगदीश बिश्नोई, पूर्व सहायक नगर आयुक्त जसवीर सिंह राठी, रवि कुमार बेदी, डॉ. विजय शर्मा, कायस्थ सभा अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना, चौधरी समरपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, जीडी गोयनका स्कूल, एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी, बीएसबी पब्लिक स्कूल, उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज, पंडित गोविंद बल्लभ पंत संस्थान, लिटिल स्कॉलर स्कूल, साईं पब्लिक स्कूल, आर्य कन्या इंटर कॉलेज तथा ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज के विद्यार्थियों ने सफाई अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
साथ ही पशुपति लेमिनेटर, नैनी पेपर, काशीपुर क्लीन एंड ग्रीन ग्रुप, अग्रवाल सभा, ब्राह्मण सभा, व्यापार मंडल, संस्कार भारती सभा, बाल्मीकि सभा एवं केडीएफ जैसी संस्थाओं ने भी अभियान में सहभागिता निभाई।
पूरे चैती मेला क्षेत्र को चार जोन में विभाजित किया गया था। महापौर दीपक बाली ने अपनी पुत्री मुद्रा बाली के साथ सभी जोनों में जाकर स्वयं सफाई कार्य में हाथ बंटाया। अभियान के दौरान धूल उड़ने लगी तो मौसम ने भी करवट ली और घनघोर बादलों के साथ हुई बारिश ने धूल को शांत कर दिया। लोगों ने इसे मां बाल सुंदरी का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि प्रकृति भी इस महाअभियान में नगर निगम के साथ खड़ी दिखाई दी।
काशीपुर के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब चैती मेला समाप्ति के बाद नगर निगम द्वारा इतने बड़े स्तर पर स्वच्छता महाअभियान चलाकर पूरे परिसर की साफ-सफाई कराई गई। नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए महापौर दीपक बाली के प्रयास को ऐतिहासिक बताया।
अभियान के समापन के बाद सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिसमें महापौर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह का विशेष योगदान रहा।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seven + 12 =