Home उत्तर प्रदेश गंगा घाट हादसा: स्नान कर रहे बच्चे डूबे, दो की मौत, दो अभी भी लापता
उत्तर प्रदेशप्रयागराज

गंगा घाट हादसा: स्नान कर रहे बच्चे डूबे, दो की मौत, दो अभी भी लापता

Share
Share

प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर गांव स्थित गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्नान करने गए सात बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस घटना में तीन बच्चे सकुशल बाहर निकाले गए, जबकि चार बच्चे गंगा की तेज धारा में समा गए। अब तक दो बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो बच्चों की तलाश अभी जारी है।

घटना के अनुसार, बामपुर गांव निवासी मोहित (13) पुत्र दिगविजय, दिव्यांशु (16) पुत्र कमलेश, अमन (9) पुत्र कृष्ण कुमार, कुनाल (12) पुत्र अनिल, निहाल (10) पुत्र अनिल, दीपक (17) पुत्र राजाराम और ऋषभ (10) पुत्र कमलेश शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे गंगा घाट पर स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनमें से कुछ बच्चे अचानक गहराई में जा पहुंचे और डूबने लगे।

बच्चों की चीख‑पुकार सुनकर घाट पर मौजूद मछुआरे और लोग मौके पर पहुंचे। उनकी तत्परता से मोहित, दिव्यांशु और अमन को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका, जबकि कुनाल, निहाल, दीपक और ऋषभ गंगा की मजबूत लहरों में बह गए। काफी प्रयास के बाद कुनाल और दीपक के शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं, जबकि निहाल और ऋषभ का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

घटना के बाद बामपुर गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल है, जबकि सूचना मिलते ही मांडा थाना प्रभारी निरीक्षक माधव प्रसाद त्रिपाठी, भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह और पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम की मदद से लापता बच्चों की तलाश का अभियान नदी तट पर जारी है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

20 − 15 =