Home Uk उत्तराखंड: केदारनाथ से लौट रहा हेलिकॉप्टर गौरीकुंड के पास क्रैश, 7 की दर्दनाक मौत
Uk

उत्तराखंड: केदारनाथ से लौट रहा हेलिकॉप्टर गौरीकुंड के पास क्रैश, 7 की दर्दनाक मौत

Share
Share

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में केदारनाथ से लौट रहा एक हेलिकॉप्टर गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक बच्चे सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था और सुबह करीब 5:30 बजे केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहा था, तभी खराब मौसम के चलते यह दुर्घटना हो गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की जानकारी घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने दी, जिन्होंने हेलिकॉप्टर को जंगल की ओर गिरते हुए देखा। हेलिकॉप्टर गौरी माई खर्क के ऊपर घने जंगल में गिरा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं।

हेलिकॉप्टर में पायलट सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें सभी की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी एवं हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि हेलिकॉप्टर अचानक मौसम खराब होने के कारण घाटी से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इस दौरान क्रैश हो गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूँ।”

फिलहाल इलाके में हेली सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही सभी तथ्यों की पुष्टि की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई यात्राओं की चुनौतियों और मौसम की अप्रत्याशित परिस्थितियों को उजागर करता है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen − 11 =