मेरठ। नगर निगम के वार्ड 39 माता का बाग इलाके में नाली में सड़क बनाने का कारनामा अंजाम दिया गया है। यह घपला या घोटाला है या फिर लापरवाही। इसकी वजह जो भी हो, लेकिन मामले की शिकायत सीएम योगी को भेजकर शासन से विकास के नाम पर भेजी जाने वाली बड़ी रकम के दुरूपयोग की बातकहते हुए जांच कराए जाने की मांग की गयी है। नौबत केवल नाली में सड़क बनाने तक होती तो भी गनिमत थी। इस मामले का खुलासा करने वाले आरटीआई एक्टिविस्ट कुलविंदर कंडारी उर्फ मनोज कुमार ने खुलासा किया कि इसी वार्ड में शासन ने जिस सड़क निर्माण के लिए राशि अवमुक्त की थी, वह सड़क ना बनाकर कुछ समय पूर्व जो सड़क बनायी गयी थी उसकी को दोबारा बनावा दिया गया। जो सड़क दोबारा बनवायी गयी है फाइलों में उसकी कहीं कोई लिखा पढ़ी तक नहीं है। सबसे बड़ा घपला बस यही है। भले ही पहले बना दी गयी सड़क को दोबारा बनाया गया है, लेकिन उसकी लिखा पढ़ी तो किसी फाइल में होनी चाहिए थी। सीएम योगी को मामले की शिकायत भेजने वाले आरटीआई एक्टिविस्ट ने इसी खेल की जांच की मांग की है।
यह है पूरा मामला
वार्ड 39 माता का बाग जहां शीतला माता का मंदिर है शहर का घनी आबादी वाला पुराना इलाका है। इस इलाके का यह मुख्य रास्ता है जो शिव शंकर पुरी और शारदा रोड पुराने बागपत स्टैंड इलाके से जोड़ता है। प्राचीन शीतला माता का मंदिर होने की वजह से यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन इन दिनों यहां आने वाले श्रद्धालु खासे परेशान है। इसकी वजह मंदिर के ठीक सामने नाली का पानी रास्ते पर फैल जाना है। मंदिर आने जाने वालों का कहना है कि पहले ऐसे नहीं था, जब से यहां नाली में सड़क बना दी गयी है तब से यह मुसीबत बरपा हुई है। नाली में सड़क कैसे बना दी गयी इसका उत्तर नगर निगम के सुपरवाइजर अंकित के पास भी नहीं है। लोगों ने इतना जरूर बताया कि यह तो केवल इस वार्ड के भाजपा पार्षद ही बता सकते हैं। पार्षद से संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी।
यह हो रही मुसीबत
नाली में सड़क बन जाने की वजह से पानी का बहाव बंद हो गया है। हालांकि इस नाली का पानी पहले सीधाा नाले में जाकर मिल जाता था, जिसकी वजह से यहां गंदगी नहीं हुआ करती थी। लेकिन नाली चोक होने के बाद अब घरों से निकलकर नाली तक पहुंचने वाला पानी सड़क और रास्ते पर फैल गया है। नाली में गंदगी होने से मच्छर पनप रहे हैं। आरटीआई एक्टिस्ट का कहना है कि नगर निगम के अफसरों और इलाके के पार्षद को यहां के लोगों की मुसीबत की सुध लेने की फुर्सत नहीं है। गंदगी की वजह से पनप रहे मच्छरों की वजह से यहां बीमारियां फैल रही हैं। लोगों ने मंडलायुक्त व जिलाधिकारी से मांग की है कि नाली में जो सड़क बनवा दी गयी है, उस घपले या घोटाले की जांच कराकर कार्य को ठीक कराया जाए ताकि गंदगी और पानी के भराव की मुसीबत से मुक्ति मिल सके।
Leave a comment