जीरो माइल शिवाजी संस्थान पार्क हॉल में आयोजित इस बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं और सदस्यता अभियान की तैयार की रूपरेखा
मेरठ। सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और संगठन के विस्तार को लेकर सहकार भारती की जिला एवं महानगर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जीरो माइल स्थित शिवाजी पार्क हॉल में आयोजित इस बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं और सदस्यता अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन प्रमुख कर्मवीर सिंह ने कहा कि सहकारी आंदोलन को नई ऊर्जा देने के लिए युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाकर नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक समृद्धि पहुंच सके।
प्रशिक्षण शिविर और विधिक पर चर्चा
प्रदेश पैक्स सह प्रमुख हरेंद्र सिंह ने आगामी 28, 29 और 30 दिसंबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। वहीं, प्रदेश विधि प्रमुख वीरेंद्र पांडे ने सहकारिता से जुड़े नए नियमों, कानूनी पहलुओं और विधिक अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मेरठ विभाग प्रमुख प्रदीप कुमार शर्मा ने ग्रामीण आर्थिक सशक्तिकरण में महिलाओं की भूमिका को अहम बताया। इससे पूर्व जिला महानगर अध्यक्ष विनय कुमार ने संगठन द्वारा बीते दिनों किए गए कार्यों और कार्यक्रमों की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की।
ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन प्रमुख कर्मवीर सिंह, प्रदेश विधि प्रमुख वीरेंद्र पांडे, हरेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार सिंधु, विनय कुमार और अवनीश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Leave a comment