30 व 31 अगस्त को प्रवक्ता परीक्षा प्रयागराज व लखनऊ में
30 व 31 अगस्त को प्रवक्ता परीक्षा प्रयागराज व लखनऊ में
21
Share
Share
प्रयागराज और लखनऊ में होने वाली जीआईसी प्रवक्ता की परीक्षा के लिए वेस्ट यूपी के किसी जनपद में नहीं बनाया गया है सैंटर
मेरठ। त्यौहारी सीजन में प्रवक्ता पुरुष और महिला राजकीय इंटर कालेज मुख्य परीक्षा-2025 का एक्जाम देने वाले परीक्षार्थियों को भारी मुसीबत उठानी पड़ रही है। इसकी वजह वेस्ट यूपी के किसी भी जनपद में परीक्षा सेंटर का ना रखा जाना बताया गया है। परीक्षा 30 व 31 अगस्त को प्रयागराज और लखनऊ में होनी है। वेस्ट यूपी के परीक्षार्थियों को प्रयागराज और लखनऊ के लिए ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है। बस का सफर बेहद थकावट भरा होता है। ऐसे में समझ नहीं आ रहा है कि करें तो क्या करें जाए तो कहां जाएं कहें तो किससे कहें कोई सुनने वाला नहीं और फिर वक्त भी कम ही रह गया है।
कुल 15 विषयों में परीक्षा
आयोग की ओर से 30 और 31 अगस्त-2026 को होने वाली मुख्य परीक्षा कुल 15 विषयों में होगी। इनमें समाजशास्त्र, भूगोल, अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, इतिहास, जीव विज्ञान, हिंदी, उर्दू, संस्कृत एवं प्राध्यापक जेल प्रशिक्षण विद्यालय के मनोविज्ञान एवं अपराध विज्ञान और दंड शास्त्र विषय की परीक्षा शामिल है। मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज ने सिटी का नाम और एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। प्रवेश पत्र एवं विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है। आयोग के उप सचिव धर्मेंद्र कुमार त्रिपाठी ने इस बारे में दिशा निर्देश जारी किए हैं।
लखनऊ प्रयागराज की सभी ट्रेनों में हाउस फुल
लखनऊ और प्रयागराज वाया मेरठ होकर या मेरठ से बनकर चलने वाली सभी ट्रेनों में त्यौहारी सीजन की वजह से हाउस फुल है। यहां तक कि ब्लैक में भी सीट नहीं मिल पा रही है। आयोग की मुख्य परीक्षा 30 और 31 अगस्त को है। इससे पूर्व 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्यौहार है। त्योहार के चलते परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को मेरठ से लेकर दिल्ली तक से चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिल रहा है।अधिकांश ट्रेन पहले ही फुल हो गई हैं। इस कारण उन्हें परेशानी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी महिला अभ्यर्थियों को आ रही है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार से मांग की है कि अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाए ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।
वेस्ट में सैंटर क्यों नहीं
परीक्षार्थी पूछ रहे हैं कि वेस्ट यूपी के परीक्षार्थियों के लिए वेस्ट यूपी के किसी जनपद या फिर मेरठ में सैंटर क्यों नहीं रखा गया है। उन्होंने आयोग से मांग की है कि भविष्य में आयोग की होने वाली परीक्षाओं के लिए गाजियाबाद अथवा मेरठ जिले को भी परीक्षा केंद्र बनाया जाए, ताकि वेस्ट यूपी के अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की मुख्य परीक्षा के लिए केवल प्रयागराज और लखनऊ में ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वेस्ट यूपी में कोई परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता विनीत चपराना व पूर्व महामंत्री अंकित अधाना का कहना है कि पहले गाजियाबाद को भी वेस्ट यूपी के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाया जाता रहा है।
Leave a comment