मेरठ/ परतापुर के काशी में नगर निगम की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। यहां सरकारी चारागाह की जमीन पर कब्जा कर बनायी गयी चार फैक्ट्रियां जमीदोज कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। इस दौरान निगम प्रवर्तन दल से कुछ लोग उलझ गए, लेकिन उन्हें खदेड़ दिया गया। निगम के ध्वस्तीकरण दस्ते और प्रवर्तन दल की संयुक्त कार्रवाई से सरकारी जमीन पर गिद्ध दृष्टि रखने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही। यह कार्रवाई कल भी जारी रह सकती है। काशी में आज सुबह नगर निगम प्रवर्तन दल के कर्नल संजीव सिंह तोमर और सहायक नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी भोलानाथ गौतम के नेतृत्व में ध्वस्तीकरण दस्ता जब मौके पर पहुंचा तो वहां भारी संख्या में लोग जमा हो गए। इनकी मंशा निगम की कार्रवाई के विरोध की थी, लेकिन प्रवर्तन दल आगे आ गया और जो लोग विरोध कर रहे थे उनको वहां से खदेड़ दिया गया। यहां पर व्यापक रूप से कार्रवाई करते हुए निगम की जेसीबी ने चार फैक्टियां तोड़ीं। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल के सभी सदस्य एवं लेखपाल राजकुमार वह लेखपाल रूद्रेश भी मौजूद रहे। परतापुर थाने से पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी जमीन पर कब्जे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के संदेश के बाद नगरायुक्त ने पूरे महानगर में सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का अभियान छेड़ा हुआ है। इसीक्रम में परतापुर के काशी में सरकारी जमीन पर कब्जा कर किए गए अवैध निर्माण को नगर निगम के बुल्डोजर ने जमीनदोज कर दिया। एक दिन पहले सोमवार को भी काशी में की गई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मचा रहा। वहीं दूसरे और नगरायुक्त के इस अभियान से सरकारी जमीनों पर कब्जे करने वाले भूमाफिया दशहत में नजर आ रहे हैं। नगरायुक्त सौरभ गंगवार के निर्देश पर निगम का दस्ता अब तक कई इलाकों में कार्रवाई कर सरकारी जमीन को मुक्त करा चुका है। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा।
Leave a comment