देहरादून। ‘जन‑जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ अभियान के तहत बुधवार को रायपुर ब्लॉक मुख्यालय पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता रायपुर विधायक उमेश शर्मा ने की, जिसमें ब्लाक प्रमुख सरोजनी जवाड़ी और उप जिलाधिकारी (सदर) हरिगिर ने जन समस्याएं सुनीं। विभिन्न विभागों ने समन्वय कर 257 लाभार्थियों को योजनाओं के प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किए।
विधायक उमेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए ऐसे शिविर एक प्रभावी माध्यम बने हैं।
शिविर में 11 जनसमस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। जैसे‑
ननूरखेड़ा निवासी आकाश सिंह ने शिकायत की कि उनके निजी भवन से सटे विद्युत पोल के कारण वे दूसरी मंजिल नहीं बना पा रहे हैं; इस पर विद्युत विभाग को पोल को तत्काल स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
डिफेंस कॉलोनी, वार्ड‑58 में पेड़ों के कारण यातायात बाधित होने पर प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) को जांच और उचित कार्रवाई के निर्देश।
मोहकमपुर के माजरी माफी क्षेत्र में नालियों को भूमिगत करते समय सिंचाई विभाग द्वारा चौंबर खुले छोड़ दिए जाने की शिकायत पर शेष कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश।
सुखाखोली‑दृसरोजना निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर पेड़ों के असंतुलन से दुर्घटना की आशंका पर वन विभाग को आवश्यक उपाय करने के निर्देश।
माजरी माफी में पेयजल लाइन में रिसाव की शिकायत पर जल संस्थान द्वारा शीघ्र मरम्मत करवाने के निर्देश।
शिविर में प्रदान की गई सेवाएं
स्वास्थ्य विभाग ने 87 व्यक्तियों की जांच कर निःशुल्क औषधियां वितरित कीं।
50 आधार कार्ड अपडेट एवं 16 आय प्रमाण पत्र मौके पर निर्गत किए गए।
कृषि विभाग ने 10 और उद्यान विभाग ने 18 किसानों को कृषि यंत्र, बीज एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए लाभ प्रदान किया।
समाज कल्याण विभाग ने 04 व्यक्तियों की पेंशन संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया।
जिला पूर्ति विभाग द्वारा 07 राशन कार्ड धारकों की यूनिट में वृद्धि एवं KYC अद्यतन किए गए।
अन्य विभागों ने बाल विकास (15), उरेडा (03), सेवायोजन (10), पशु चिकित्सा (13), विद्युत (02) और राजस्व (16) लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया। सेवा योजना विभाग ने 06 युवाओं को कैरियर परामर्श भी दिया।
शिविर में रायपुर ब्लॉक प्रमुख सरोजनी जवाड़ी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, रायपुर अनु सूचित जाति मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष महेश कुमार, सहायक खंड विकास अधिकारी सुनील उनियाल, मोहन लाल रतूड़ी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम जनता मौजूद रही।
Leave a comment