नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट तनाव पर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला है। पश्चिम एशिया में तनाव का राजनीतिक असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है। इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने देश की विदेश नीति को जुमलेबाजी करार देते हुए कहा कि सरकार की चुप्पी सभ्यतागत मूल्यों के साथ विश्वासघात है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जयराम रमेश ने पीएम मोदी से कई सवाल पूछे हैं। कांग्रेस नेता ने लिखा, “ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमले शुरू हुए तीन हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन मोदी सरकार ने अब तक इन हमलों की न तो निंदा की है और न ही इस पर कोई आधिकारिक दुख जताया है।”
मूकदर्शक बनी है भारत सरकार-रमेश
जयराम रमेश ने कहा कि जब पूरी दुनिया इस युद्ध के कारण आर्थिक संकट और महंगाई झेल रही है, तब भारत सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अक्सर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अपनी दोस्ती का ढिंढोरा पीटते हैं। फिर उन्होंने इस दोस्ती का इस्तेमाल युद्धविराम कराने के लिए क्यों नहीं किया? जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी की यह चुप्पी दिखाती है कि भारत की स्वतंत्र विदेश नीति अब बीते दौर की बात हो गई है। वर्तमान सरकार पूरी तरह से इस्राइल के पक्ष में झुकी हुई है।कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत हमेशा से फलस्तीन के अस्तित्व का पक्षधर रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार ने इन सिद्धांतों को तिलांजलि दे दी है। उन्होंने कहा कि संसद में केवल खुद की पीठ थपथपाने और ‘डायलॉगबाजी’ करने से अंतरराष्ट्रीय संकट हल नहीं होते।
Leave a comment