मेरठ । आयकर विभाग द्वारा आज वन फेरर होटल, मेरठ में मंडप एवं होटल व्यवसायियों के लिए एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य व्यवसायियों को नए आयकर प्रावधानों, टीडीएस नियमों तथा एसएफटी (Statement of Financial Transactions) की अनिवार्यताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में आयकर अधिकारी (TDS) ए. के. कौशिक ने नए आयकर अधिनियम 2025 एवं टीडीएस से संबंधित नवीन प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर टीडीएस की कटौती एवं जमा करना, सही रिटर्न दाखिल करना तथा आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखना प्रत्येक व्यवसायी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि कर नियमों का सही पालन करने से अनावश्यक नोटिस, ब्याज एवं दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सकता है। वहीं आयकर अधिकारी (I&CI) अनिल मेहरा ने एसएफटी (Statement of Financial Transactions) के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी एक लेन-देन में ₹2 लाख या उससे अधिक की नकद धनराशि प्राप्त की जाती है, तो निर्धारित परिस्थितियों में उसकी सूचना आयकर विभाग को एसएफटी के माध्यम से देना अनिवार्य है। उन्होंने व्यवसायियों से सभी वित्तीय लेन-देन का उचित रिकॉर्ड रखने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने तथा समय-समय पर आयकर विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। सेमिनार के दौरान व्यवसायियों ने टीडीएस, एसएफटी, आयकर नोटिस, नकद लेन-देन, रिकॉर्ड संधारण, रिटर्न फाइलिंग, सर्वे एवं जांच प्रक्रिया तथा कर अनुपालन से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका आयकर अधिकारियों ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। मेरठ मंडप एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल ने मंडप एवं होटल व्यवसायियों की ओर से विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं एवं शंकाओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। आयकर अधिकारियों ने सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देते हुए आश्वासन दिया कि विभाग का उद्देश्य करदाताओं को जागरूक करना तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में व्यवसायियों ने आयकर विभाग द्वारा आयोजित इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सेमिनार की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर उपस्थित
इस अवसर पर मेरठ मंडप एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल, कोषाध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष विकास मित्तल, राजेंद्र सिंह, अतुल जैन, सीए रमाकांत सहित बड़ी संख्या में मंडप एवं होटल व्यवसायी उपस्थित रहे।
Leave a comment