मेरठ वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में पुरुष एवं महिला यूथ, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की जिला स्तरीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप एवं लीग का आयोजन भारोत्तोलन पार्क, उदय सिटी, मेरठ में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी ताकत, तकनीक एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक मेरठ-बागपत के अध्यक्ष श्री विमल शर्मा ने किया। इस अवसर पर मूल्य अतिथि मेरठ कैंट विधायक श्री अमित अग्रवाल ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया ।
श्री अमित अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।
श्री विमल शर्मा ने कहा कि खेलों के आयोजन से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने मेरठ वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में श्री अमित अग्रवाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
* 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग: आशि मेहरा – प्रथम स्थान।
* 45 किग्रा यूथ वर्ग: अदिति – प्रथम स्थान, अतिथि अहूजा – द्वितीय स्थान।
* 45 किग्रा जूनियर वर्ग: अतिथि अहूजा – प्रथम स्थान।
* 49 किग्रा यूथ वर्ग: प्रिया – प्रथम स्थान, आरुषि – द्वितीय स्थान।
* 53 किग्रा यूथ वर्ग: अक्षिता मॉटला – प्रथम स्थान।
* 53 किग्रा जूनियर एवं सीनियर वर्ग: सिफा – दोनों वर्गों में प्रथम स्थान।
* 57 किग्रा यूथ एवं जूनियर वर्ग: राधिका सिंह – दोनों वर्गों में प्रथम स्थान।
* 61 किग्रा जूनियर एवं सीनियर वर्ग: दिशा – दोनों वर्गों में प्रथम स्थान।
* 69 किग्रा सीनियर वर्ग: कामिनी – प्रथम स्थान।
एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती ऋचा सिंह ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने की महत्वपूर्ण सीढ़ी हैं। हमारा प्रयास है कि मेरठ की प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच मिले, ताकि वे अपनी मेहनत और क्षमता के बल पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचकर जिले का नाम रोशन कर सकें।
एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती ऋचा सिंह एवं सचिव श्री अमरनाथ त्यागी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
एसोसिएशन से सविता जी , प्रदीप चौधरी , मनोज सोलंकी , रेफ़री सतीश भार्गव , सोहनवीर सिंह , प्रशांत गुज्जर , संदीप ठाकुर ने प्रतियोगिता को दम्पन्न करने में सहभागिता की । राष्ट्रीय लोकदल के महानगर अध्यक्ष श्री विवेक बाफर, पल्लवपुरम पार्षद श्री विक्रांत ढाका, प्रदेश अध्यक्ष खेल प्रकोष्ठ श्री दीपक तोमर, पंजाब प्रभारी श्री दिलप्रीत कोहली, प्रदेश महासचिव अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ श्री कवलजीत सिंह, प्रदेश सचिव महिला प्रकोष्ठ श्रीमती सरला सिंह एवं क्षेत्रीय सचिव श्री नरेश चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Leave a comment