व्यास समारोह के दूसरे दिन गूंजे संस्कृत के तर्क वितर्क
व्यास समारोह के दूसरे दिन गूंजे संस्कृत के तर्क वितर्क
13
Share
Share
सीसीएसयू में संस्कृत की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के संस्कृत विभाग द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय व्यास समारोह-2026’ के दूसरे दिन गुरुवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं और ज्ञानवर्धक सत्रों की धूम रही। इस अवसर पर विभाग के सहविभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत शर्मा ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि संस्कृत विभाग द्वारा संस्कृत विषय की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं (जैसे नेट, असिस्टेंट प्रोफेसर व प्रवक्ता) के लिए सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
वाद-विवाद और प्रश्नमंच में दिखी प्रतिभा
समारोह के प्रथम सत्र में ‘गावो वत्सं न धेनवः’ विषय पर अंतर्महाविद्यालयीय संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने शास्त्रीय प्रमाणों के साथ संस्कृत में तर्क-वितर्क किए। इसमें परिसर की रिया प्रथम, शिवानी द्वितीय और मेरठ कॉलेज की विदुषी तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि अवनि को सांत्वना पुरस्कार मिला।
इसके साथ ही पहली बार जोड़ी गई संस्कृत प्रश्नमंच प्रतियोगिता में कनिष्का प्रथम, हिमांशी द्वितीय और ऋतिका तृतीय रहीं। निर्णायक मंडल में शामिल गुजरात राज्य संस्कृत बोर्ड के सदस्य डॉ. नीरज आर्य ने समारोह की सराहना की और बी.ए. ऑनर्स अंग्रेजी से संस्कृत में आने वाली छात्रा कनिष्का का अभिनंदन किया। डॉ. भवानी रामचंद्रन और प्रो. छाया रानी भी निर्णायक रहीं।
यौगिक आसनों ने किया रोमांचित, बांटी गईं पुस्तिकाएं
दूसरे सत्र की यौगिक प्रतिस्पर्धा में सीसीएसयू के योग विज्ञान विभाग समेत दीवान पब्लिक स्कूल, द अध्ययन स्कूल, ऋषि योगशाला, दयावती मोदी एकेडमी और दर्शन एकेडमी के दलों ने आकर्षक आसनों का प्रदर्शन किया। डॉ. नवज्योति सिद्धू, डॉ. प्रीति बंसल और रानी माला इसके निर्णायक रहे। इसके बाद सरल संस्कृत सिखाने के लिए ‘वदतु संस्कृतम्’ पुस्तिका की 200 प्रतियां वितरित की गईं। अंतिम सत्र में सहविभागाध्यक्ष ने बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक को संस्कृत के सरल वाक्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहसंयोजक डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. ओमपाल सिंह, डॉ. संतोष कुमारी, डॉ. राजबीर, डॉ. विजय बहादुर, तुषार गोयल और डॉ. आभा कंसल का विशेष योगदान रहा।
Leave a comment