मेरठ। लखनऊ के कोचिंग सैंटर अग्निकांड के बाद नींद से जागे सिस्टम के अफसरों के स्तर से जनपद भर में की जा रही सीलिंग की कार्रवाई को लेकर रियायत की मांग को लेकर मेरठ व्यापार मण्डल के अध्यक्ष शैंकी वर्मा के नेतृत्व में आज एक ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया गया। एडीएम सिटी ब्रिजेश सिंह को दिए गए ज्ञापन में मेरठ व्यापार मंडल ने संचालकों के साथ सहानुभूति बरतने का आग्रह किया है। ज्ञापन में कहा गया है कि लखनऊ में हुई दुःखद अग्निकांड की घटना के उपरांत जनपद मेरठ में प्रशासन द्वारा अग्नि सुरक्षा एवं भवन संबंधी मानकों के अनुपालन हेतु निरीक्षण एवं सीलिंग की कार्यवाही की जा रही है। जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन की मंशा पूर्णतः उचित एवं स्वागत योग्य है, किंतु वर्तमान में जिस प्रकार त्वरित सीलिंग की कार्यवाही की जा रही है, उससे कोचिंग संस्थान संचालकों, होटल व्यवसायियों, जिम संचालकों तथा अन्य व्यापारियों में भय एवं असमंजस का वातावरण व्याप्त हो गया है।
शैकी वर्मा का कहना की तमाम होटल, जिम, लॉज व नर्सिंग होम संचालक तथा इन्हीं के सरीखे दूसरे लोग जिला प्रशासन के स्तर से तय किए गए सुरक्षा मानकों का पालन करने को तैयार हैं, परंतु कुछ तकनीकी अथवा विभागीय औपचारिकताओं के कारण उन्हें आवश्यक अनुमतियाँ एवं अनापत्तियां हासिल करने में समय लगता है। ऐसी स्थिति में बिना पर्याप्त अवसर दिए सीधे सीलिंग की कार्यवाही होने से हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी भी बेरोजगारी की स्थिति का सामना कर सकते हैं।
ये हैं प्रशासन से मांग
ज्ञापन में जिला प्रशासन से मांग की गयी है कि सीलिंग की कार्यवाही पर तत्काल प्रभाव से अस्थायी रोक लगाए, सभी संबंधित संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुरक्षा मानकों की पूर्ति हेतु पर्याप्त एवं युक्तिसंगत समय प्रदान किया जाए, प्रशासन द्वारा एकल खिड़की व्यवस्था अथवा विशेष शिविर आयोजित कर अग्निशमन, भवन मानचित्र, एनओसी एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को सरल एवं शीघ्र पूरा कराने की व्यवस्था की जाए। जिन प्रतिष्ठानों में केवल तकनीकी अथवा छोटी-मोटी कमियाँ हैं, उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के स्थान पर सुधार का अवसर प्रदान किया जाए। व्यापारिक संगठनों एवं संबंधित विभागों के साथ बैठक आयोजित कर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे सुरक्षा मानकों का पालन भी सुनिश्चित हो तथा व्यापार एवं रोजगार भी प्रभावित न हो और प्रभावित व्यापारियों की संबंधित विभाग के साथ बैठक अति शीघ्र आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनहित, व्यापार हित एवं सुरक्षा – तीनों के मध्य संतुलन स्थापित करते हुए सकारात्मक निर्णय करेगा। व्यापार मंडल सदैव प्रशासन के साथ मिलकर सभी सुरक्षा मानकों के पालन हेतु सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है । इससे पहले वेद व्यासपुरी में होटल संचालकों ने एक बैठक की थी जिसमें शैंकी वर्मा को बुलाया गया था तथा जिला प्रशासन से राहत दिलाए जाने का आग्रह किया था।
Leave a comment