पौड़ी: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा तिमली के भतकोट गांव में एक चौंकाने वाली घटना घटी है। एक गुलदार ने चार वर्ष की नन्ही बच्ची को अपना शिकार बना लिया। इस हृदयविदारक घटना में मृतका की पहचान दृष्टि रावत (4 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जब बच्ची अपने घर के पास बहन और दादी के साथ भोजन कर रही थी। अचानक गुलदार ने हमला कर बच्ची को उठा लिया और जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दो किलोमीटर दूर जंगल में बच्ची का शव बरामद किया।
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना की गहन जांच की मांग की। गोदियाल ने संबंधित वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या पैदा कर रहे गुलदार को पकड़ने या मार गिराने का अनुरोध किया।
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तेज कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। सरकार को इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए, अन्यथा ऐसी घटनाएं लगातार होती रहेंगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गुलदार को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है।
Leave a comment