मेरठ। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की एक बैठक का आयोजन खैर नगर स्थित महामंत्री कार्यालय ‘मेट्रो एंटरप्राइजेज पर किया गया जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र भसीन व संचालन महामंत्री रजनीश कौशल ने किया । इस बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रमुख मुद्दा खैर नगर के एक थोक दवा व्यापारी द्वारा बाजार के कई दवा व्यापारियों का पैसे लेकर भागने का था, इस संदर्भ में चर्चा हुई। उक्त व्यापारी, जिसके साथ बाजार के अन्य व्यापारी करीब डेढ़ – दो साल से व्यापार कर रहे थे, वह अचानक बाजार के कई व्यापारियों का लाखों रूपए लेकर फरार हो गया था, जिसकी शिकायत व्यापरियों द्वारा एसपी सिटी मेरठ से की गई थी। उन्होंने तुरंत इसको संज्ञान में लेते हुए सीओ कोतवाली को जांच कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए, परंतु आज ई तक भी सीओ कोतवाली द्वारा इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिस कारण उस व्यापारी का हौसला इतना बुलंद हो गया, कि वह वापिस आ गया है, और सरेआम बाजार में बैठ कर व्यापारियों को धमका रहा है।
चेयरमैन मोइनुद्दीन गुड्डू ने कहा कि हमारे महामंत्री रजनीश कौशल की अनुपस्थिति में उनके प्रतिष्ठान ‘मेट्रो एंटरप्राइजेजÓ पर उनके बेटे आयुष कौशल को 2 जुलाई को शाम लगभग 4:30 के दो लड़कों द्वारा उनकी दुकान में बिना उनकी अनुमति घुस कर वीडियो बनाने का विरोध करने पर उनके बेटे के साथ गाली गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिसकी शिकायत अगले ही दिन थाना ‘दिल्ली गेट में कर दी गई थी, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, तीसरा मुद्दा संगठन मंत्री सुनील अग्रवाल द्वारा खैर नगर में व्यापरियों की सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस पिकेट की अनिवार्यता को लेकर उठाया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि एसपी सिटी से खैर नगर बाज़ार में परमानेंट पुलिस के दो सिपाही बैठाने की बात की गई थी, उनके आदेश अनुसार ‘पुलिस पिकेट बैठाई भी गई थी, परन्तु उनके स्थानांतरित होने के एक-दो दिन बाद पुलिस वालों ने आना बंद कर दिया। इसको स्थाई रूप से बैठाया जाए। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने कहा कि हमारी उपरोक्त समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए पुलिस प्रशासन से मांग है, कि हमारे संगठन के महामंत्री रजनीश कौशल जी के पुत्र आयुष कौशल को धमकी देने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी शीघ्र होनी चाहिए। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में खैर नगर के समस्त दवा व्यापरियों द्वारा भविष्य में बाजार को बंद कराने का फैसला लिया गया, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
Leave a comment