मेरठ। इस्माईल नेशनल महिला पी.जी. कॉलेज, मेरठ ने उत्तर प्रदेश शासन के (PRAMAN) प्रमाण पोर्टल की मई माह की रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 69.82 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही महाविद्यालय ने मेरठ मंडल, मेरठ जनपद तथा चैधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में भी प्रथम स्थान हासिल किया है।
ये हैं रैकिंग के आधार
प्रमाण (PRAMAN) पोर्टल पर उत्तर प्रदेश के राज्य अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों का मूल्यांकन 44 विभिन्न बिंदुओं के आधार पर किया जाता है। इन बिंदुओं में शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, शोध एवं प्रकाशन, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, रोजगारपरक गतिविधियाँ, आधारभूत संरचना, डिजिटल प्रबंधन, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा अन्य संस्थागत उपलब्धियाँ शामिल हैं। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस्माईल नेशनल महिला पी.जी. कॉलेज ने मई माह में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
अप्रैल माह में मंडल में प्रथम
उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय ने अप्रैल माह की प्रमाण पोर्टल रैंकिंग में भी मेरठ मंडल एवं मेरठ जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। मई माह में अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाते हुए महाविद्यालय ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। महाविद्यालय की यह सफलता उसकी निरंतर उत्कृष्ट शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं संस्थागत कार्यप्रणाली का प्रमाण है। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि इस्माईल नेशनल महिला पी.जी. कॉलेज को चैधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में NAAC द्वारा प्राप्त उच्चतम ग्रेड का गौरव भी प्राप्त है। यही कारण है कि महाविद्यालय शिक्षा, गुणवत्ता, शोध, कौशल विकास, नवाचार तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में निरंतर नए मानक स्थापित कर रहा है।
महाविद्यालय पूर्व में भी प्रमाण पोर्टल की रैंकिंग में लगातार प्रदेश के शीर्ष दस महाविद्यालयों में अपना स्थान बनाए रखता आया है। मई माह में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय ने अपनी उत्कृष्टता को पुनः सिद्ध किया है तथा मेरठ जनपद और मंडल का गौरव बढ़ाया है।
महाविद्यालय के सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने इस उपलब्धि पर समस्त शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे महाविद्यालय परिवार की निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रबंध समिति सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी संस्थान उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनीता राठी ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रबंध समिति, कॉलेज सचिव अरुण कुमार गुप्ता, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं छात्राओं के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में गुणवत्ता आधारित शिक्षा, अनुशासन, नवाचार, शोध एवं छात्र-केंद्रित गतिविधियों पर विशेष बल दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप संस्थान निरंतर नई उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, पूर्व छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षाविदों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महाविद्यालय को शुभकामनाएँ दी हैं। यह जानकारी प्रेस प्रवक्ता दीपा त्यागी ने प्रो. दिशा दिनेश की मार्फत दी है।
Leave a comment