Home उत्तराखंड पौड़ी में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां जोरों पर
उत्तराखंड

पौड़ी में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां जोरों पर

Share
Share

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ली विभागीय समीक्षा बैठक, कंट्रोल रूम से लेकर ग्राउंड तक सघन निगरानी के निर्देश

पौड़ी

आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एनआईसी कक्ष में संबंधित विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली और सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम के संचालन, स्टाफ तैनाती और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी रोस्टर शीघ्र जारी करने और तीनों कंट्रोल रूम को पूरी तरह सुचारु रखने के साथ हेल्पलाइन नंबर्स का व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने को कहा।
परिवहन व्यवस्था पर चर्चा करते हुए संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस बार जनपद में करीब 500 बसों और 5000 टैक्सी/मैक्सी वाहनों की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने सभी वाहनों का समयबद्ध सत्यापन कराने और ट्रैफिक प्लान पहले ही सार्वजनिक करने के निर्देश दिए, ताकि जाम की स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस को पर्याप्त बल तैनात करने और यातायात प्रबंधन की पूर्व तैयारी करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में जिलाधिकारी ने लक्ष्मणझूला, कलियासौड़, भट्टीसेरा और नीलकंठ क्षेत्रों में चिकित्सा राहत इकाइयों, शिफ्टवार डॉक्टरों-कर्मचारियों, एंबुलेंस और आपात सेवाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए उपजिलाधिकारियों को व्यापार सभा, जनप्रतिनिधियों और हितधारकों के साथ बैठकें करने, शौचालयों की साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने और सफाई अभियान चलाने को प्राथमिकता देने को कहा गया।
वर्षाकाल को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में 15 अप्रैल तक जेसीबी मशीनें तैनात करने, पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन और सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग रोकने के सख्त निर्देश दिए गए। पेयजल, शौचालय, प्रकाश, विद्युत और ईंधन की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग पूर्ण समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि चारधाम यात्रा बिना किसी परेशानी के सफलतापूर्वक संपन्न हो।
बैठक में सीओ तुषार बोरा, संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारिका प्रसाद, अधीक्षण अभियंता प्रवीण सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

6 + nineteen =