तीन सौ से ज्यादा ‘ब्लिंकिट’ व ‘स्विगी इंस्टामार्ट’ डिलीवरी बाइकर्स का आतंक, लालकुर्ती पुलिस ने कसा शिकंजा
मेरठ। शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक पीएल शर्मा रोड पर स्थित कथित रूप से अवैध ‘किंग बेकरी कॉम्प्लेक्स’ के बाहर ई-कॉमर्स डिलीवरी बॉयज का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कॉम्प्लेक्स में संचालित हो रहे ‘ब्लिंकिट’ (Blinkit) और ‘स्विगी इंस्टामार्ट’ (Swiggy Instamart) के डार्क स्टोर्स के बाहर हर समय 200 से 300 बाइकर्स का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुर्ती पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है और मौके पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस मामले को लेकर लालकुर्ती पुलिस ने ब्लिंकिट स्टोर, किंग बेकरी कॉम्प्लेक्स के मैनेजर का नोटिस देकर तलब कर लिया है। पुलिस के नोटिस में कहा गया है कि अंकुर बंसल ने अवगत कराया है कि आपके परिसर में संचालित ई-कॉमर्स स्टोर वेयरहाउस के कारण 200-300 डिलीवरी राइडर्स द्वारा 10 मिनट डिलीवरी के चक्कर में तेज / रैश ड्राइविंग की जाती है। कुछ राइडर्स कम उम्र / नाबालिग प्रतीत होते हैं। तेज रफ्तार से वाहन टच होने पर गैंग बनाकर मारपीट की घटनाएं होती हैं, जिससे बाजार में कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पुलिस ने मैनेजर से ट्रेड लाइसेंस / नगर निगम अनुमति के अलावा गोदाम / स्टोर संचालन हेतु अनुमति / किरायानामा, इडर्स की सूची, आधार, आयु प्रमाण व ड्राइविंग लाइसेंस की प्रति, पार्किंग व राइडर्स के आवागमन हेतु की गई व्यवस्था का विवरण व रैश ड्राइविंग रोकने हेतु आपके द्वारा उठाये गए कदमों का विवरण तलब किया है। यह नोटिस उप निरीक्षक राजकुमार सरेाज ने भेजा है।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 चालान, 3 बाइक सीज
सड़क पर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था ध्वस्त करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लालकुर्ती थाना पुलिस ने अभियान चलाया। पुलिस ने कॉम्प्लेक्स के बाहर बेतरतीब ढंग से खड़ी बाइकों पर कार्रवाई करते हुए 15 बाइकों के चालान काटे और 3 बाइकों को सीज कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने संबंधित ई-कॉमर्स स्टोर संचालकों को सख्त नोटिस थमाते हुए पार्किंग की उचित व्यवस्था करने और सड़क पर भीड़ न लगाने की हिदायत दी है।
पुराना रिकॉर्ड भी दागदार, पहले भी हो चुकी है शांतिभंग की कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन डिलीवरी बाइकर्स द्वारा सड़क पर हुड़दंग और मारपीट करने का यह पहला मामला नहीं है। पुलिस द्वारा खंगाले गए पुराने रिकॉर्ड में यह तथ्य उजागर हुआ है कि पूर्व में भी इन बाइकर्स के बीच आपसी झगड़े और सड़क पर हंगामा करने के मामलों में पुलिस धारा 151 (शांतिभंग) के तहत दो बार निरोधात्मक कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद इनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया है।
राहगीरों और व्यापारियों में भारी रोष
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि 200 से 300 बाइकर्स के सड़क घेरकर खड़े रहने से पीएल शर्मा रोड पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। तेज़ रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। विरोध करने पर ये युवक अभद्रता और झगड़े पर उतारू हो जाते हैं।
हाईकोर्ट में विचाराधीन है कॉम्प्लेक्स की वैधता का मामला
गौरतलब है कि जिस किंग बेकरी कॉम्प्लेक्स में ये ई-कॉमर्स स्टोर्स संचालित हो रहे हैं, वह स्वयं भी कानूनी विवादों में घिरा हुआ है। कॉम्प्लेक्स के कथित अवैध निर्माण को लेकर आरटीआई एक्टिविस्ट मनोज चौधरी की ओर से माननीय उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) में वाद दायर किया गया है, जिस पर सुनवाई चल रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कॉम्प्लेक्स में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों और सड़क पर अतिक्रमण करने वाले डिलीवरी स्टोर्स पर स्थायी रूप से लगाम लगाई जाए।
Leave a comment