हंगामे के चलते कार्यकारिणी का पिछला चुनाव करना पड़ा था स्थगित, इस बार भी हंगामे के आसार
मेरठ। इस बार नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव न तो सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए आसान रहने वाला है और न ही विपक्ष के लिए। यह चुनाव तय करेगा कि किसमें कितना है दमखम। कार्यकारिणी चुनाव में उतरने वाले पार्षदों को अक्सर पार्टी लाइन से हटकर अपने व्यक्तिगत संबंधों और दमखम पर यह चुनाव लड़ना पड़ता है। क्रॉस वोटिंग और अंदरूनी गुटबाजी की आशंका के चलते दोनों ही खेमों में अभी से रणनीति बननी शुरू हो गई है। नए सदस्यों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 20 नवंबर को छह नए सदस्यों के चुने जाने के बाद 12 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का गठन पूरा हो जाएगा। चूंकि कार्यकारिणी उपाध्यक्ष अनिल वर्मा का कार्यकाल भी समाप्त हो गया है, इसलिए समिति के पूर्ण गठन के बाद रिक्त हुए उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव कराया जाएगा। इस लिहाज से 20 नवंबर की बैठक नगर निगम की आगामी राजनीति और विकास कार्यों की दिशा तय करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नगर निगम की सबसे महत्वपूर्ण इकाई मानी जाने वाली कार्यकारिणी समिति में रिक्त हुए छह पदों को भरने के लिए आगामी 20 नवंबर को चुनाव कराया जाएगा। इस संबंध में महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को पत्र भेजकर चुनाव की सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए शास्त्रीनगर स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय को चुनाव केंद्र बनाया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, 20 नवंबर (शुक्रवार) को सुबह 11:30 बजे विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मतदान और चयन की प्रक्रिया के जरिए छह नए कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।
हंगामा और बगावत की आशंका
बीते साल में जब अन्य 6 पदों पर चुनाव हुआ था तो उसमें खूब खींचतान देखने को मिली थी। हंगामा इतना बढ़ गया था कि एक बार चुनाव निरस्त कर दिया गया और पार्षद संजय सैनी चुनाव के लिए ही पार्टी से बागी घोषित भी कर दिए गए थे लेकिन बाद में फिर भी दूसरी बार में भी वह चुनाव जीत गए थे। नगर निगम कार्यकारणी के चुनाव को लेकर भाजपा की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले चुनाव में भारी राजनीतिक खींचतान और हंगामा देखने को मिला था। उस दौरान विवाद इतना बढ़ गया था कि चुनाव को एक बार निरस्त तक करना पड़ा था। वहीं, भाजपा पार्षद संजय सैनी को चुनाव लड़ने के कारण पार्टी से बागी भी घोषित कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद जब दोबारा चुनाव हुआ तो उन्होंने अपनी ताकत दिखाते हुए जीत दर्ज की थी। पुराने घटनाक्रम को देखते हुए इस बार नगर निगम प्रशासन और राजनीतिक दलों की नजरें 20 नवंबर के चुनाव पर टिकी हुई हैं।
इन छह सदस्यों का कार्यकाल हुआ समाप्त
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम कार्यकारिणी समिति में कुल 12 सदस्य होते हैं। नियमों के तहत रोटेशन प्रणाली से छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया है, जिसके चलते ये पद रिक्त हुए हैं। कार्यकाल पूरा करने वाले सदस्यों में अनिल वर्मा वार्ड 62 जो उपाध्यक्ष भी हैं, संदीप गोयल रेबड़ी वार्ड 78, दीपिका शर्मा वार्ड 37, नरेश कश्यप वार्ड 11, कीर्ति घोपला वार्ड 31 व राहत जहां वार्ड 86 शामिल हैं।
Leave a comment