मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की क्वींस लैंड कॉलोनी में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने बाथरूम में वॉशिंग मशीन के पाइप में एक जहरीले काले नाग को देखा। यह घटना पंकज राणा के घर में हुई, जो अपने परिवार संग वहीं रहते हैं।
घटना उस वक्त हुई जब पंकज की पत्नी रोज़ की तरह नहाने के लिए बाथरूम में गईं। जैसे ही उनकी नजर वॉशिंग मशीन की तरफ पड़ी, उन्होंने पाइप में एक काला सांप देखा। डर के मारे उनकी जोर से चीख निकल गई और उन्होंने तुरंत शोर मचाया। देखते ही देखते कॉलोनी के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
पंकज राणा ने तुरंत गौरव नामक एक साँप पकड़ने वाले को बुलाया। गौरव ने काफी मशक्कत के बाद पाइप से सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि यह कोबरा प्रजाति का सांप था, जो बेहद जहरीला होता है। गौरव ने बताया कि अगर यह सांप काट ले, तो व्यक्ति की जान 15 मिनट में जा सकती है।
स्थानीय लोग इस बात से हैरान हैं कि एक ऐसा खतरनाक सांप एक पॉश कॉलोनी के घर के बाथरूम तक कैसे पहुंच गया। बाद में गौरव उस सांप को जंगल में छोड़ने के लिए ले गया। घटना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन कॉलोनी में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है।